प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना
- फोटो : अमर उजाला
मरीजों की चिकित्सा संबंधी जानकारी ऑनलाइन मुहैया कराने के लिए आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आईडी बनाने में बरेली मंडल प्रदेश में 11वें पायदान पर दर्ज हुआ है। वहीं, मंडल के चारों जिलों में पीलीभीत सबसे आगे और शाहजहांपुर सबसे फिसड्डी रहा है।
ई-कवच पोर्टल के आंकड़े के अनुसार छह दिसंबर तक बरेली मंडल में आभा आईडी की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष 3.6 फीसदी है। मंडल में अब तक 5,01,745 लोगों की आईडी बनी हैं। इनमें 3,04,038 आईडी बनाकर पीलीभीत पहले, 99,490 आईडी बनाकर बरेली दूसरे, 80,678 आईडी बनाकर बदायूं तीसरे और 17,539 आईडी बनाकर शाहजहांपुर चौथे स्थान पर है। जबकि इन जिलों का प्रदेश स्तर पर क्रमवार 7वां, 44वां, 45वां और 70वां स्थान है।
एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक ओपीडी में मरीज और तीमारदारों की आभा आईडी बनाई जा रही है। आईडी बनाने के लिए अलग से कोई स्टाफ नहीं है। पर्चा काउंटर व अन्य ओपीडी स्टाफ को जिम्मेदारी दी गई है। हर दिन करीब पांच सौ आईडी बन रहीं हैं। जिनकी आईडी बन चुकी हैं, उनमें से कई लोग क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पर्चा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।