नैनीताल हाईवे पर घंघोरा पिपरिया के पास हुआ हादसा, परिजनों में पसरा मातम
भोजीपुरा। बुधवार की रात सीबीगंज से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने रास्ते में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव चौपारा शुमाली निवासी 27 वर्षीय जीतू शर्मा 31 दिसंबर की रात में बरेली इज्जतनगर स्थित अपनी बहन के घर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भोजीपुरा इलाके के घंघोरा पिपरिया गांव के सामने नैनीताल हाईवे पर बने कट पर पहुंचे। वैसे ही तेजी व लापरवाही से चलाते हुए किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जीतू शर्मा गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे किसी व्यक्ति ने युवक को मेडिकल काॅलेज भोजीपुरा में भिजवा दिया।
सूचना मिलने पर जब तक भोजीपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब घायल को मेडिकल काॅलेज भिजवाया जा चुका था। यहां पर जीतू शर्मा को देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पाकर जीतू की पत्नी प्रीति बेहोश हो गई। प्रीति गर्भवती हैं। ग्रामीणों में चर्चा थी कि नन्हे शिशु ने गर्भ से बाहर आने से पहले पिता को खो दिया। रो-रोकर परिजनों का हाल बेहाल था।
जीतू की पत्नी थी गर्भवती
जीतू दो भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वह मिलनसार स्वभाव के थे। वह निजी नौकरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद