फतेहगंज पश्चिमी। सिंघाड़े की फसल को देखने रेलवे लाइन के पार स्थित तालाब पर जा रहे युवक की शनिवार को ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कान में ईयरफोन लगाए होने के कारण युवक हादसे का शिकार हो गया। गांव रुकुमपुर निवासी मदन लाल ने गांव के पास रेलवे लाइन के पार मौजूद तालाब में सिंघाड़े की फसल लगाई है। शनिवार को उनका बेटा सिंघम (19) उसे देखने जा रहा था। पिता मदन लाल के मुताबिक सुबह आठ बजे अप लाइन पर आ रही ट्रेन को तो उसने देख लिया, लेकिन डाउन ट्रैक पर आ रही ट्रेन को नहीं देख पाया। कान में ईयरफोन लगे होने के कारण हॉर्न भी नहीं सुन सका। ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय और रेलवे पुलिस पहुंच गईं, जहां शव उठाने को लेकर दोनों में सीमा विवाद उठा। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। संवाद