बरेली। आंवला के गांव करुआताल में एक युवक की बेरहमी के साथ पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने हत्या के बाद पेचकस युवक के शरीर में ही छोड़ दिया, जो पोस्टमार्टम के वक्त निकाला गया। परिवार के लोगों ने युवक की प्रेमिका के पूर्व पति समेत पांच लोगों के खिलाफ उसे अगवा कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार हो गए हैं।
करुआताल निवासी 32 वर्षीय लल्लन दो दिन से लापता था। उसका शव सोमवार सुबह राजपुर निवासी रानी के खेत में मिला। बड़े भाई मोहनलाल ने पुलिस को बताया कि लल्लन एक साल पहले गांव निवासी मटरू की पत्नी और उसके तीन बच्चों को अपने घर ले आया था और पत्नी की तरह रख रहा था। इसी बात पर महिला का पूर्व पति मटरू और उसके परिवार के लोग लल्लन से रंजिश मानने लगे। 13 नवंबर को उसका भाई लल्लन घर से मोबाइल लेने की बात कहकर निकला था जिसके बाद से घर नहीं लौटा। वे लोग आसपास के इलाकों और रिश्तेदारियों में उसे तलाश कर रहे थे।
रविवार रात राजपुर में रानी के खेत में उसकी लाश मिली। मोहनलाल ने आरोप लगाया कि वजीरगंज (बदायूं) के गांव लखनपुर निवासी मटरू, रामबहादुर, मोर सिंह, नेम सिंह और आंवला के कच्चा कटरा निवासी धरमवीर ने उसके भाई की हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
सीने में घुसा पेचकस रीढ़ की हड्डी तक धंसा मिला
लल्लन का पोस्टमार्टम करने वाली टीम को उसकी छाती में पेचकस मूठ तक घुसा मिला। पेचकस रीढ़ की हड्डी तक धंसा हुआ था। गले, छाती और पेट पर भी पेचकस से वार किए जाने के कई गहरे निशान थे। चेहरे की पहचान मिटाने के लिए उसे पत्थर जैसी वजनदार चीज से कुचला गया था। पोस्टमार्टम में पता चला कि लल्लन की हत्या करीब दो दिन पहले हुई। इससे साफ हो गया कि धनतेरस वाले दिन जब लल्लन लापता हुआ, तभी कुछ देर बाद उसकी हत्या कर दी गई।