भोजीपुरा। शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की अटामांडा तिराहे पर ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। 13 अक्तूबर को युवक की बहन अंजुम और 14 को उसके बड़े भाई की शादी होनी थी। हादसे के बाद खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव ट्यूलिया निवासी मोहम्मद कासिम (20) अपनी बहन अंजुम की शादी के कार्ड बांटने बाइक से बहेड़ी इलाके के गांव जाम जा रहे थे। सुबह आठ बजे अटामांडा तिराहे पर बाइक सवार मोहम्मद कासिम की बहेड़ी की ओर से धान लादकर धौराटांडा की ओर जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई। कासिम हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन वह ट्रक के अगले पहिये में फंस गया। ट्रक का पहिया पेट के ऊपर से गुजर गया। इससे कासिम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। भोजीपुरा पुलिस ने ट्रक व बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संवाद