रिठौरा। एक निजी शैक्षणिक संस्थान की निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से सोमवार को युवक गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा था। निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है।
रिठौरा क्षेत्र के भटपुरा जागीर निवासी टिंकू ने राजश्री ग्रुप की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी की थी। टिंकू सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्त विकास (22) पुत्र तुलाराम के साथ मजदूरी के रुपये लेने निर्माणाधीन बिल्डिंग गया था। घर आसपास होने के साथ टिंकू और विकास गहरे दोस्त भी हैं। परिजनों ने बताया कि उन्हें विकास के निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से गिरने की सूचना 4 बजे मिली। वे राजश्री मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परिजनों ने बताया कि विकास के सीधे हाथ की कोहनी में फ्रैक्चर हुआ है। कंधे में गंभीर चोट आई है।
- ऐसी किसी घटना के बारे में जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हादसा हुआ है तो मजदूर का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया जाएगा।
- राजेंद्र अग्रवाल, चेयरमैन, राजश्री ग्रुप