बरेली। कूड़े से कबाड़ बीनकर परिवार का गुजारा करने वाले युवक की बिजली के खुले तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह 11 बजे इज्जतनगर थाना क्षेत्र में फनसिटी के पास हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है।
मूल रूप से भुता थाने के गांव कुआं चकरपुर निवासी 39 वर्षीय मोहन लाल वर्तमान में इज्जतनगर के वीर सावरकर नगर के अंबिका विहार में रहते थे। वह कूड़े के ढेरों से कबाड़ बीनने के बाद इसे बेचकर अपना गुजारा करते थे। बुधवार सुबह फनसिटी के पास वह कूड़े के ढेर से कबाड़ बीन रहे थे। यहां पास ही बिजली की लाइन खुली हुई थी। चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। परिवार वालों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। संवाद