मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र के गांव बसई में धान की फसल में पानी लगा रहे एक ग्रामीण को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
शाही थाना क्षेत्र के गांव बसई निवासी 48 वर्षीय वीरपाल ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीरपाल ने बताया कि बह बुधवार को पड़ोसी ओमकार के साथ भगवान दास के ट्यूबवेल से धान की फसल में पानी लगा रहे थे। उन्होंने ओमकार को खेत में मेड़ काटने के लिए भेज दिया। तभी शाम को सात बजे गांव के ब्रह्मदेव, राजेश कुमार, प्रवेश कुमार एवं चंद्रभान आए और कहा कि यह खेत हमारा है।
गाली-गलौज करते हुए सभी ने उन्हें पकड़ लिया। ब्रह्मदेव ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली मार दी, जो कंधे में लगी। इसके अलावा चंद्रभान ने लाठी से भी पीटा। वहां से जाते समय आरोपियों ने धमकी दी।
वीरपाल की सूचना पर उनके परिजन पहुंच गए। वे उन्हें जिला अस्पताल ले गए। सूचना पर थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान, चौकी इंचार्ज दुनका रामपाल सिंह तोमर व सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है। उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद