बरेली। सड़क हादसे में घायल 13 वर्षीय किशोरी के इलाज में बदायूं मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। किशोरी को चार दिन भर्ती रखा, हालत बिगड़ी तो बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने किशोरी के पेट से खून से भरा दो किलो का प्लीहा निकालकर उसकी जान बचाई।
बदायूं निवासी दिव्या रेफर होने के बाद बृहस्पतिवार देर रात जिला अस्पताल पहुंची। इमरजेंसी में बच्ची की जांच हुई। हालत गंभीर होने पर ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
उसे ऑपरेशन थियेटर में शिफ्ट कर डाॅ. रमेश दीक्षित ने एनेस्थीसिया की डोज दी। सर्जन डॉ. एमपी सिंह के नेतृत्व में डॉ. अंजली सोनी, डॉ. मुग्धा शर्मा ने स्टाफ नर्स भावना के सहयोग से सफल ऑपरेशन किया।
डॉक्टर के मुताबिक, दुर्घटना से शरीर के प्लीहा (स्प्लीन) में खून भर जाने से वह काफी बड़ा हो गया था। सामान्य स्थिति में इसका आकार सिर्फ आठ सेंटीमीटर और वजन कुछ ग्राम होता है।
कहा कि अगर किशोरी का तुंरत ऑपरेशन नहीं किया जाता तो उसकी जान का जोखिम था। गंभीर हालत होने से उसे हायर सेंटर रेफर करना चाहिए था, लेकिन जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजन को इस जोखिम की जानकारी दी गई और उनके संस्तुतिपत्र पर ही ऑपरेशन किया गया। ब्यूरो