इज्जतनगर के पीरबहोड़ा इलाके में गलत दिशा में जाने के चलते हुआ हादसा
विज्ञापन
रामपुर से लखनऊ शराब लेकर जा रहा था ट्रक, चालक-परिचालक मौके से फरार
बरेली। रामपुर से शराब लेकर लखनऊ जा रहा मिनी ट्रक पीरबहोड़ा में अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवकों पर पलट गया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
बुधवार शाम करीब सात बजे शहर से बाहर की ओर निकल रहा मिनी ट्रक एयरफोर्स रोड पर पीरबहोड़ा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। सामने से आ रहे दो बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद मिनी ट्रक उनके ऊपर ही पलट गया। हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। मिनी ट्रक को पलटा देख वहां जुटी भीड़ नीचे दबे युवकों को बाहर निकालने में लगी। इसी बीच इज्जतनगर इंस्पेक्टर नीरज मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों की मदद से दोनों बाइक सवारों को ट्रक के नीचे से निकलवाया लेकिन एक युवक की तब तक मौत हो चुकी थी। उसकी शिनाख्त बिहार कलां निवासी सद्दाम के रूप में हुई। घायल हुआ युवक उसका दोस्त रोहित बताया जा रहा है। हालांकि रात तक ट्रक को मौके से नहीं हटवाया जा सका। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि मिनी ट्रक की तलाशी में कुछ कागज मिले हैं, जिन पर लिखा है कि यह शराब रामपुर डिस्टलरी की है और लखनऊ ले जाई जा रही थी। ट्रक बरेली में ही बारादरी थाना क्षेत्र का है। उसके मालिक और चालक-परिचालक की जानकारी कराई जा रही है।
शराब का ट्रक शहर में लाने पर उठ रहे सवाल
शराब रामपुर से लखनऊ जा रही थी लेकिन ड्राइवर ट्रक लेकर शहर में आ गया, जिसके चलते सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर शराब रामपुर से लखनऊ जा रही थी तो ड्राइवर शहर के बाहर से ही जा सकता था, उसे अंदर आने की क्या जरूरत पड़ी।