सख्ती के अभाव में अवैध मिट्टी खनन करने वालों के हौसले बुलंद
नवाबगंज। तहसील नवाबगंज क्षेत्र में मिट्टी और रेत का खनन जारी है। सोमवार की भोर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने एक बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। घटना की तहरीर घायलों के बेटे दीपक ने थाना नवाबगंज में दी है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के डंडिया बीरमनगला गांव के सुखलाल का आरोप है कि वह सोमवार की भोर सुबह अपनी मुन्नी देवी के साथ बाइक से नवाबगंज की ओर आ रहे थे। वह जैसे ही कस्बे के बिजौरिया रोड पर स्थित जीजस एंड मेरी इंटर काॅलेज के पास पहुंचे। उसी बीच सामने से मिट्टी से भरे आ रहे टैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक फिसल गई। इसमें दोनों दंपती गंभीर घायल हो गए। सुबह को टहलने निकले राहगीरों ने दोनों को सीएचसी भेज दिया।
इस मामले में कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एक ट्रैक्टर- ट्राॅली को पुलिस ने पकड़ लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन पहले हुई थी शिकायत
क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन से नाराज क्षेत्रीय विधायक ने तहसील पहुंचकर एक अधिकारी के समक्ष नाराजगी जताते हुए शिकायतीपत्र सौंपा था, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।