बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 799 करोड़ रुपये की लागत से 71 एकड़ में ओमेक्स टाउनशिप बसाई जाएगी। इसके लिए कृषि भूमि को आवासीय में बदलने का आवेदन किया जा रहा है। टाउनशिप को बसाने के लिए निजी कंपनियों का सहयोग भी लिया जाएगा।
टाउनशिप सदर तहसील के लालपुर और अदलखिया में विकसित होगी। यहां 80 मीटर चौड़ा बाइपास और 30 मीटर चौड़ा ग्रीन बेल्ट बनेगा। परियोजना में सार्वजनिक, अर्ध-सार्वजनिक और आवासीय सुविधाएं होंगी। समिति 60 दिनों में प्राधिकरण और आवास विकास परिषद को डीपीआर प्रस्तुत करेगी। गरीबों व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10-10 फीसदी आवास देने होंगे।
टाउनशिप में 50 फीसदी आवासीय, 20 फीसदी मिश्रित और 10 फीसदी व्यावसायिक भूमि होगी। औद्योगिक, संस्थागत, सार्वजनिक सुविधाएं, उपयोगिता व मनोरंजन के लिए न्यूनतम 10 फीसदी भूमि रखी जाएगी। पार्क, खुले क्षेत्र, क्रीड़ा स्थल व जलाशय के लिए 15 फीसदी भूमि निर्धारित है। यातायात, परिवहन और पार्किंग के लिए न्यूनतम 15 फीसदी भूमि का प्रावधान है।
प्रस्तावित सुविधाएं
प्रति 2500 आबादी पर एक नर्सरी स्कूल (दो प्रस्तावित) और प्रति पांच हजार पर एक प्राथमिक स्कूल होंगे। प्रति 7500 आबादी पर एक जूनियर हाईस्कूल व हाईस्कूल, प्रति 10 हजार आबादी पर एक इंटर कॉलेज होगा। प्रति पांच हजार जनसंख्या पर एक स्पोर्ट्स सेंटर (दो प्रस्तावित) बनाया जाएगा। अपशिष्ट पृथक्करण के लिए 24 केंद्र, 239 सार्वजनिक शौचालय, विद्युत उपकेंद्र व 24 कन्वीनियंस शॉप्स प्रस्तावित हैं।
वर्जन
कृषि भूमि को आवासीय भू उपयोग के लिए अनुमति ली जाएगी। उसके बाद टाउनशिप शुरू की जाएगी। मैप का ले-आउट भी स्वीकृत कराना होगा। इसमें स्कूल, सार्वजनिक स्थल, सड़क आदि के लिए भी भूमि छोड़नी होगी। - अजीत सिंह, विशेष कार्याधिकारी, बीडीए