बरेली। एकतानगर में अस्थायी प्लेटफाॅर्म बनाकर लोगों को रास्ता दिया जाएगा। साथ ही, डीडीपुरम में कार्यस्थल के बीच में बैरिकेडिंग करने पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने यातायात व्यवस्था ठीक करने की हिदायत दी है।
डीडीपुरम व एकता नगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत काम चल रहा है। एकतानगर में बृहस्पतिवार को पानी की लाइन फटने से हादसा होते-होते बचा था। शुक्रवार को नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने कहा था कि विकास होना अच्छी बात है, लेकिन खोदाई की वजह से जो लोग गलियों में कैद हो गए हैं, उनके निकलने की व्यवस्था भी की जाए। इस पर नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को अस्थायी प्लेटफॉर्म बनाकर लोगों को रास्ता दिए जाने का निर्देश दिया है।
वाहनों को रोंके, रिफ्लेक्टर टेप भी लगाएं
डीडीपुरम में सड़क के दोनों ओर खोदाई कर मिट्टी को बीच में डाल दिया है। आधे रास्ते के बीच में बैरिकेडिंग कर दी गई है। इससे लोग वाहन लेकर आधे रास्ते तक आ रहे हैं, फिर उन्हें लौटना पड़ रहा है। नगर आयुक्त ने कहा है कि वाहनों को अंदर आने से रोंके। बीच में बैरिकेडिंग करने के बजाय सड़क के किनारे करें। साइट पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाने के लिए कहा है, ताकि आने-जाने वाले सतर्क रहें।
पाइप लाइन फटे तो टैपिंग कर पुरानी लाइन से कराएं जलापूर्ति
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि पानी की लाइन टूटी, लेकिन किसी को पता तक नहीं चला। निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि खोदाई में दोबारा पाइप फटे तो ऐसी स्थिति में तत्काल टैपिंग कर पानी के बहाव को रोकें। पुरानी पाइप लाइन से जलापूर्ति कराएं। जलकल विभाग से बात कर अस्थायी कनेक्शन दें। संवाद