जिलाधिकारी ने लक्ष्य हासिल करने के लिए विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
बरेली। दिसंबर में प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 के संबंध में बरेली को करीब 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवंटित लक्ष्य प्रत्येक दशा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त उद्योग विकास यादव ने बताया कि दिसंबर के प्रथम सप्ताह में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी संभावित है। 15 हजार करोड़ का लक्ष्य 21 विभागों में आवंटित कर उन्हें एमओयू कराने के निर्देश हैं। इनमें यूपीसीडा, पर्यटन, नगरीय विकास, बीडीए, उद्यान, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, ऊर्जा एवं अतिरिक्त स्रोत, सहकारिता, वन, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात संवर्धन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, डेयरी विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आबकारी, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, तकनीकी शिक्षा, पशुपालन और बेसिक शिक्षा विभाग शामिल हैं। बताया कि अगर कोई प्रोजेक्ट 2022 से चल रहा है और अभी तक जीबीसी नहीं किया गया है तो उसे भी इसमें शामिल किया जा सकता है।