फरीदपुर। प्रवेशपत्र लेने के बाद कॉलेज से बाइक पर बैठकर घर लौट रहे कक्षा 10 के छात्र की बीसलपुर रोड पर ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक भी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
क्षेत्र के गांव कैरशादी निवासी दानवीर ने बताया कि उनका छोटा भाई विजनेश (16) फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहा था। बोर्ड परीक्षा की तिथि नजदीक आने पर बृहस्पतिवार को वह बाइक पर उसे बैठाकर कॉलेज ले गए थे। लौटते समय बीसलपुर रोड पर धर्मेंद्र गैस गोदाम के सामने ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया।
दोनों सड़क पर गिए गए। पहिये के नीचे आने की वजह से विजनेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार हरेली गांव के विकास भी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से बरेली के एक अस्पताल भिजवाया। विजनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, एक की मौत
भुता। थाना क्षेत्र के गांव कंजा चकरपुर-अठायन के बीच एक बाइक गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची भुता पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
चकरपुर निवासी किसान वेदराम (40) बुधवार रात नौ बजे बाइक से अठायन की ओर जा रहे थे। बाइक गांव का शीलेंद्र यादव चला रहा था। फरीदपुर - बीसलपुर मार्ग पर कुआंडांडा की ओर जा रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली कंजा चकरपुर-अठायन के बीच बाइक से टकरा गई। हादसे में वेदराम यादव की मौत हो गई है। शीलेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। संवाद