नवाबगंज। हाईवे के डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे में उतरे करंट से यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र गौरव गंगवार की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हिकमत अली गांव निवासी छत्रपाल गंगवार ने बताया कि उनका छोटा बेटा गौरव गंगवार (21) कस्बे की एडवोकेट कॉलोनी में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। सोमवार दोपहर एक बजे वह बाइपास मार्ग पर लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र के सामने ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। गौरव डिवाइडर पर लगे खंभे के पास से गुजरा तो करंट की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से 15 मिनट पहले कस्बे के मोहल्ला बिजौरिया निवासी नल मिस्त्री निरंजन सिंह भी उसी जगह पर करंट की चपेट में आ गए थे। गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे विहिप के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश गंगवार ने लकड़ी के सहारे उनको बचा लिया। उधर, बिजली गिरने से गुलड़िया के भूड़ा बसंतपुर निवासी दंपती पूनम और प्रमोद झुलस गए। संवाद