बिशारतगंज। कस्बे के रेलवे लाइन पार इलाके में पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग से इफको कॉलोनी जाने वाली मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया है। नालियों की सफाई न होने से समस्या बनी है। साथ ही, सड़क पर गड्ढे होने से पैदल व वाहन सवार, दोनों राहगीर परेशानी झेलने को मजबूर हैं। कस्बावासियों भी बदहाली से परेशान और नाराज हैं। विकास के बजाय बदहाली आदर्श बन गई है।
बिशारतगंज को जिले की उत्कृष्ट नगर पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया था। इसकी मुख्य सड़क पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग से इफको कॉलोनी और भिंडौरा अड्डे पर रम्पुरा-अलीगंज मार्ग को जोड़ती है। आसपास के गांवों के लोग इसी रोड से कस्बे में आते हैं। इस मार्ग पर नगर पंचायत का नाला अधूरा बना हुआ है। नाले की जलनिकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं है, जिससे गंदगी भर गई है। नालियां चोक होने से पानी सड़क पर बह रहा है।
कस्बे के जगतपाल मौर्य, माखनलाल मौर्य, रूपेंद्र वर्मा, छत्रपाल साहू आदि का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से नियमित सफाई नहीं कराई जाती है। कर्मचारी खानापूरी कर लौट जाते हैं। बारिश के बाद स्थिति बदतर हो जाती है। सड़क पर लगभग एक फुट तक पानी भर जाता है। इस संबंध में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पवन गोस्वामी ने बताया कि सीएम पोर्टल पर शिकायत की। खस्ताहाल सड़क के फोटो शेयर किए। उन्होंने बताया कि इस रोड से दिनभर में कई वाहनों की आवाजाही होती है। आरोप है कि इसको ठीक कराने के बजाय खेतों में सीसी रोड बनवाए जा रहे हैं। लोग आदर्श नगर पंचायत की बदहाली पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।
वर्जन,
दो दिन पहले नपं अध्यक्ष के साथ सड़क का निरीक्षण किया था। डीपीआर बनाकर शासन को भेजा जा रहा है। धनराशि मिलने पर निर्माण शुरू कराया जाएगा। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सड़क को गड्ढा मुक्त कराने के लिए काम शुरू कराया जा रहा है। - प्रदीप गिरी, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत