बरेली। जल्द ही नवाबगंज के लोगों को रोडवेज बस सेवा का पूरा लाभ मिलने लगेगा। नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य की पैरवी पर शासन ने पिछले माह नवाबगंज में नए रोडवेज बस अड्डे के निर्माण को मंजूरी दी थी। बस अड्डा निर्माण के लिए बाइपास स्थित राजस्व विभाग की 1,562 वर्ग मीटर भूमि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने इसे मंजूर कर लिया है।
बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे पर स्थित नवाबगंज में वर्तमान बस अड्डा कस्बे में घनी आबादी के बीच है। यहां तीन दशक से रोडवेज बसों का आवागमन नहीं होता। बसें बाइपास से निकल जाती हैं। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें नवाबगंज में रुकती भी नहीं। ऐसे में नवाबगंज के लोगों को विभिन्न रूटों पर डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
कस्बे के लोग लंबे समय से बस अड्डे की मांग कर रहे थे। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने बस अड्डे को मंजूरी देने के साथ राजस्व विभाग की बाइपास पटेल चौक स्थित 1,562 वर्ग मीटर भूमि बस अड्डे के लिए आरक्षित कर दी है। अब जल्द बस अड्डे का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि भूमि तय होने के बाद अब जल्द ही बस अड्डा निर्माण संबंधी प्रस्ताव परिवहन निगम मुख्यालय भेज दिया जाएगा।