शेरगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव के पास पेड़ पर फंदा लगाकर युवती की मौत के मामले में पुलिस ने पांच दिन बाद एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना देवरनियां के एक गांव निवासी ग्रामीण की 18 वर्षीय पुत्री का परिचित युवक कपिल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह शादी का झांसा देकर लगभग छह लाख रुपये भी ऐंठ चुका है। पीड़ित पिता का आरोप है कि पुत्री को आरोपी फोन पर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उसकी फोन पर बातचीत में तकरार भी हुई थी, जिससे तंग आकर पुत्री ने यह कदम उठा लिया। बताते चले कि ग्रामीण की पत्नी नेत्रहीन है। बड़ी बेटी हैदराबाद में नौकरी करती है। मृतका छात्रा बरेली के एक इंटर काॅलेज में कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा थी। थाना अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मामला पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। संवाद