बरेली। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से सोमवार को बाबा त्रिवटीनाथ का रुद्राभिषेक और शृंगार किया गया। जलाभिषेक शोभायात्रा की शुरुआत सुबह सात बजे समिति के अध्यक्ष बृजवासी अग्रवाल के निर्देशन में श्यामगंज मंदिर से हुई। यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नाथ नगरी चालीसा और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद शंख ध्वनि और हर-हर महादेव उद्घोष के साथ यात्रा आगे बढ़ी।
यात्रा में शामिल शिव भक्त अपने-अपने वाहनों पर नंदी ध्वज लगाए, गले में गंगाजली लटकाए और माथे पर केसरिया पट्टी बांधे हुए चल रहे थे। शोभायात्रा श्यामगंज मंदिर से शुरू होकर गंगापुर चौराहा, मूर्ति नर्सिंग होम, मैकनियर रोड और सूद धर्मकांटा होते हुए बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचने पर पंडित आशुतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा, वस्त्र, रुद्राक्ष, माला और नंदी ध्वज अर्पित कर बाबा का शृंगार किया। बाबा की महाआरती उतारी गई और भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आशुतोष अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, मनोज देवल, पंकज देवल, रितेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।