बरेली। जलकल विभाग की तरफ से स्टेडियम रोड पर महर्षि कश्यप चौक से आदिनाथ चौक तक करीब 45 से 50 वर्ष पुरानी पेयजल पाइप लाइन को बदलने का काम सात सितंबर से शुरू होगा। पुरानी पाइप लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन लीक हो जाती है। वर्तमान में इसी मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण से पहले दोनों ओर नई डीआई (डक्टाइल आयरन) पेयजल पाइप लाइन बिछाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मॉडल टाउन से हजियापुर तक पेयजल पाइप लाइन के इंटरकनेक्शन का कार्य भी कराया जाएगा। काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में महर्षि कश्यप चौक से आदिनाथ चौक तक की सड़क पर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह कार्य पूरा होने के बाद दूसरे चरण में आदिनाथ चौक से महर्षि कश्यप चौक की दिशा में पाइप लाइन डालने का काम किया जाएगा।
वर्जन:
आमजन व वाहन चालकों से निर्माण कार्य के दौरान कार्यस्थल के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन न खड़ा करने की अपील की गई है। संभव हो तो काम के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाए। जल्द से जल्द काम पूरा करने का लक्ष्य है। - मनोज आर्या, महाप्रबंधक, जलकल विभाग