बरेली के डोहरा रोड से नकटिया नदी पुल तक की जर्जर सड़क को सुधारने के लिए नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने हाथ मिलाया है। दोनों की सहमति के बाद अब नई हॉटमिक्स सड़क के निर्माण की तैयारी है, जिससे न केवल यूनिवर्सिटी रोड का सीधा जुड़ाव नकटिया पुल से हो जाएगा, बल्कि लंबे समय से राहगीरों के लिए मुसीबत बने गहरे गड्ढों का समाप्त हो जाएगे।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने परियोजना के लिए मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी को बीडीए अधिकारियों से तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण के लिए तकनीकी आकलन और नपाई प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसकी रिपोर्ट के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि डोहरा रोड समेत अन्य मार्गों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बीडीए के अधिकारियों से बात कर जल्द काम किया जाएगा। चार-पांच साल पहले बनी यह डोहरा रोड गुणवत्ता की कमी से जर्जर हो गई थी। सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने जांच में इसे चिंताजनक पाया, क्योंकि गहरे गड्ढों से वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। नई हॉटमिक्स सड़क टिकाऊ होगी और भारी वाहनों का दबाव सहने में सक्षम होगी।
शहर की सड़कों के लिए व्यापक योजना
नगर निगम ने शहर की सड़कों के कायाकल्प की रणनीति बनाई। पूरे शहर को चार जोन में बांटा जाएगा, जिससे मरम्मत और निर्माण कार्यों की प्रभावी निगरानी होगी। नगर आयुक्त ने नाथ कॉरिडोर से जुड़े मार्गों को दुरुस्त करने को पहली प्राथमिकता बताया। धार्मिक महत्व और अधिक यातायात वाले इन मार्गों के सर्वेक्षण के लिए इंजीनियरों को कहा गया है। इन सुधारों से शहर की सूरत बदलेगी, खराब सड़कों की समस्या का स्थाई समाधान होगा।