पीलीभीत के युवक की पिटाई और मौत का मामला, पिता की तहरीर पर हुई कार्रवाई
फरीदपुर (बरेली)। पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव पटनिया निवासी आदेश सिंह की मौत के मामले में पिता ने प्रेमिका के परिजनों समेत सात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला गैर इरादतन हत्या में बदल सकता है।
आदेश (27) का शव फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव मनपुरा में पेड़ से लटका मिला था। आदेश के पिता ने पड़ोसी गांव कपूरपुर के लोगों पर बेटे की पीटकर हत्या करने और शव लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम को बताया कि उनका बेटा आदेश सिंह हरियाणा में काम करता था। 23 अक्तूबर को फरीदपुर के कपूरपुर गांव निवासी सामेंद्र सिंह, शीलेंद्र, तिलकराम, सत्यवीर, गिरीश, परमवीर व अज्ञात आरोपी ने आदेश को अपने गांव बुलाया था। उनका बेटा उसी दिन हरियाणा से चल दिया। शनिवार रात 10 बजे वह कपूरपुर पहुंचा। पुरानी रंजिश व प्रेम प्रसंग को लेकर झगड़ा हुआ तो इन लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर आदेश की हत्या कर दी।
आरोप लगाया है कि इन लोगों ने आदेश का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। आदेश के शव को कपूरपुर गांव से दो किलोमीटर दूर स्थित गांव मनपुरा में शीशम के पेड़ पर 30 फुट की ऊंचाई पर लटका दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मौत की वजह हैंगिंग (लटकना) आई है, लेकिन मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। तहरीर के मुताबिक सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिख ली है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। संवाद