बरेली। पूरे शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने का दम भरने वाले नगर निगम के दावों की हकीकत उनके अपने ही गेट के सामने नजर आ रही है। नगर निगम के पिछले गेट के सामने इस कदर अतिक्रमण है कि मुख्य सड़क पर ही कूलर, पंखे और बिजली के सामान की दुकानें सज गई हैं। आलम यह है कि जिस टीम पर पूरे शहर को जाम मुक्त करने की जिम्मेदारी है, उसे अपने दफ्तर के बाहर फैला अवैध कारोबार नजर नहीं आ रहा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम इन दिनों बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा है। वार्डों में साफ-सफाई के साथ-साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर जुर्माना भी वसूला जा रहा है। विडंबना यह है कि पटेल चौक से रोडवेज की ओर जाने वाली सड़क पर निगम की नाक के नीचे करीब 30 फीट चौड़ी सड़क अब संकरी गली में तब्दील हो गई है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क के काफी हिस्से तक फैला रखा है, जिससे आवाजाही दूभर हो गई है। वहीं दुकान पर आने वाले ग्राहक अपनी बाइक व कार भी वहीं खड़ी कर देते हैं जिससे और जाम लगता है।
घना बाजार होने से दिनभर रहती है जाम की स्थिति
रोडवेज बस स्टैंड और फर्नीचर बाजार होने के कारण भारी वाहनों का दबाव पहले से ही अधिक रहता है। ऐसे में सड़क पर फैले सामान और बीच रास्ते में खड़े खाने-पीने के ठेलों की वजह से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्कूली छुट्टी के समय हालात और भी भयावह हो जाते हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप में घंटों जाम में फंसने के कारण वाहन चालकों का धैर्य जवाब दे जाता है और अक्सर लोगों के बीच मारपीट और कहासुनी की नौबत आ जाती है। नगर निगम के राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है और निगम गेट के सामने वाली समस्या को भी जल्द दिखवाकर मार्ग को पूरी तरह खाली कराया जाएगा।