बरेली। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने से मना करने पर सफाई नायक हेमंत कुमार के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ समेत पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार रात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह घटना नगर निगम के जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में हुई है। पीड़ित ने पूरी घटना सीसी कैमरे में रिकॉर्ड होने का दावा किया है। घटना सात नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे की है।
आंवला निवासी सफाई नायक हेमंत कुमार के मुताबिक, सात नवंबर को वह जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में गए थे। वहां सिगरेट गोदाम वाली गली नेकपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ का बेटा सत्यार्थ प्रताप सिंह व उसका भतीजा आया हुआ था। सत्यार्थ ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कहा। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करा दिया।
इसके बाद दोपहर ढाई बजे अभिषेक भारद्वाज और हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ ने फोन कॉल कर उसे जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्यालय के बाहर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही काशीनाथ, अमित, अभिषेक भारद्वाज, सत्यार्थ प्रताप सिंह, उसका चचेरा भाई और कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसे हेलमेट से पीटा। इसी दौरान उसके गले की चेन कहीं गिर गई। हमलावरों ने उसकी जेब में रखे 6500 रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पहले से दो प्रमाणपत्र होने का किया था दावा
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, काशीनाथ के बेटे ने हेमंत से कहा था कि उसके पहले से दो जन्म प्रमाणपत्र बन चुके हैं। अब वह तीसरा बनवाना चाहता है। इस पर हेमंत ने मना कर दिया। इसी पर आरोपी भड़क गए।
हिस्ट्रीशीटर ने दिखाई हेकड़ी, पैर छूने पर बख्शी जान
हेमंत के मुताबिक, मारपीट के दौरान काशीनाथ चिल्लाते हुए कहता रहा कि उसका नाम बरेली में किसी से भी पूछ लेना। वह जिले का जाना-माना हिस्ट्रीशीटर है। धमकी दी कि कहीं शिकायत की तो वह उसे जान से मरवा देगा। इसके साथ ही कहा कि बेटे सत्यार्थ के पैर छूकर माफी मांगो, तभी जान बख्शेंगे। इस पर हेमंत ने पैर छूकर माफी मांगी, तब जाकर उसकी जान बची। संवाद