बरेली। शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। लगभग हर दूसरे-तीसरे दिन कुत्ते किसी न किसी को शिकार बना रहे हैं। दूसरी ओर नगर निगम कुत्तों के बधियाकरण और उनको पकड़कर दूसरे स्थान पर छोड़ने के नाम पर खानापूरी कर रहा है। शुक्रवार को भी कुत्तों के झुंड ने हमला कर युवती को घायल कर दिया।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ गणेशपुरम निवासी मान सिंह की 18 वर्षीय बेटी डिंपल शुक्रवार सुबह के समय बच्चों के साथ घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान वहां चार-पांच कुत्तों का झुंड आया। बच्चों के साथ मिलकर डिंपल ने कुत्तों को भगाने का प्रयास किया तो कुत्तों ने डिंपल पर हमला कर दिया। उसके शरीर पर कई स्थानों पर काटा और मांस नोंच लिया। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों ने कुत्तों को किसी तरह भगाकर डिपंल को बचाया। डिंपल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। संवाद