प्रेमनगर के शास्त्रीनगर का मामला, सीबीगंज से पहुंचे मायके वाले
बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही युवती ने ससुराल में जहर खाकर जान दे दी। सूचना पर सीबीगंज से उसके मायके वाले भी पहुंच गए। घरेलू कलह का मामला बताया जा रहा है, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव बोहित निवासी मुक्ता प्रसाद की बेटी 25 वर्षीय विमलेश गंगवार की शादी डेढ़ साल पहले शास्त्री नगर निवासी सुधीर से हुई थी। विमलेश भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। उसका पति सुधीर कुमार रुद्रपुर में नौकरी करता है। इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस के किसी बात से नाराज होकर विमलेश के जहर खाने की सूचना आई थी। हालत गंभीर होने पर ससुराल वाले उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां तबियत सही न होने पर प्रेमनगर इलाके के एक निजी अस्पताल में ले आए, जहां विमलेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया विमलेश ने जहर क्यों खाया है? इस बारे में फिलहाल जानकारी नहीं हो सकी है। मायके वाले आ गए हैं लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं दी है।