मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया खुर्द की युवती अपनी सहेली के साथ शनिवार को शनि बाजार में खरीदारी करने आई। उसने जूस पिया, जिसके बाद उसे उल्टी शुरू हो गई। इसके बाद वह झोलाछाप के यहां पहुंची, लेकिन गलत इलाज के चलते उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया है।
ठिरिया खुर्द की 19 वर्षीय नसरीन पुत्री जाकिर शनिवार दोपहर 12 बजे सहेली के साथ शनि बाजार में कुछ खरीदारी करने आई थी। तभी दोनों ने एक ठेले पर गन्ने का जूस पिया। इसके बाद नसरीन को उल्टियां होने लगीं। नसरीन की सहेली ने पास में ही एक झोलाछाप से दवा ली। झोलाछाप ने एक इंजेक्शन लगाया और उसे एक ड्रिप चढ़ाना शुरू कर दिया। तभी युवती की मौत हो गई। सहेली की सूचना पर युवती की मां सरोजबानो, पिता जाकिर वहां पहुंच गए और युवती को सीएचसी ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां सरोजबानो ने बताया कि उनको सात संतानें हैं। इसमें तीन लड़के और चार लड़कियां हैं, जिसमें नसरीन सबसे छोटी थी। कुछ लोगों ने पीड़ित माता-पिता को कार्रवाई न करने की सलाह देकर समझौता करा दिया। सीएचसी अधीक्षक ने युवती की मौत की सूचना मीरगंज पुलिस को भेज दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। परिजन शव को अपने घर ले गए। संवाद
सैकड़ों की संख्या में चल रहे अवैध क्लीनिक
लोगों ने बताया कि मीरगंज में सैकड़ों की संख्या में अवैध रूप से क्लीनिक चल रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, बल्कि उनसे सांठगांठ कर मामला निपटा दिया जाता है।