बरेली। दो साल पहले नाबालिग उम्र में प्यार परवान चढ़ा तो कानून आड़े आ गया। पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया और किशोर को बाल संरक्षण गृह भेज दिया। अब दोनों बालिग हुए तो दंपती की तरह साथ रहने लगे। इससे नाराज लड़की के परिजनों ने लड़के के पिता की पिटाई कर दी और जातिसूचक गालियां भी दीं। पीड़ित ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाना प्रभारी संजय धीर को बताया कि दो साल पहले जब उनका बेटा नाबालिग था तो गांव निवासी दूसरी जाति की नाबालिग लड़की से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों घर से निकल गए। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने लड़की के परिजनों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली। फिर दोनों को पकड़ लिया गया। लड़की को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया और उनके बेटे को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।
महिला के मुताबिक, दो साल बाद जब लड़की बालिग हुई तो बाल कल्याण समिति ने उसे इच्छानुसार जीवन जीने के लिए स्वतंत्र कर दिया। इसके बाद वह लड़की उनके बेटे के साथ पत्नी की तरह रहने लगी। महिला के मुताबिक, 29 जून को उनके पति ठेला लेकर आ रहे थे, तभी लड़की के परिवार और उसके तहेरे भाई ने उन्हें घेर लिया। उनकी जमकर पिटाई की। जान से मारने की धमकी देते हुए जातिसूचक गालियां भी दीं।