हनुमान दल के कथित पदाधिकारी पर पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली। सांसद-विधायक तक पहुंच बताकर हनुमान दल के कथित पदाधिकारी ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर कई लोगों से ठगी कर ली। सुभाषनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
पटेल विहार निवासी अभिषेक कुमार कश्यप ने बताया कि करगैना निवासी शिवा तोमर खुद को हनुमान दल का जिलाध्यक्ष (आंवला) बताता है। उसने बताया कि सांसद-विधायक से उसकी अच्छी पकड़ है। वह कई लोगों के काम करा चुका है। शिवा ने नौकरी दिलवाने का झांसा देकर अभिषेक और अरबाज अहमद को बुलाया। अभिषेक से 20 हजार और अरबाज से 50 हजार रुपये लेने के बाद रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद दोनों से शिवा ने ऑनलाइन रुपये भी लिए। रुपये लेने के बाद शिवा टालमटोल करने लगा।
काफी समय बीतने के बाद शिवा ने नौकरी नहीं दिलवाई और रुपये भी नहीं लौटाए। इससे पहले शिवा ने सुभाषनगर की युवती को भी नौकरी का झांसा देकर रुपये ऐंठ लिए थे। युवती ने भी सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों मुकदमों की पुलिस जांच कर रही है। शिवा तोमर हनुमान दल से जुड़ा है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। ब्यूरो