बरेली। रंग बिरंगी लाइटों से सजा चौबारी मेला, ठेलों पर छनती गरमा-गरम जलेबी, चाट पकौडी ठेलों पर स्वाद लेते लोग, झूलों पर झूलते बच्चे, शृंगार के सामान की खरीदारी करती महिलाएं... यह नजारा मंगलवार को चौबारी मेले का रहा। यहां पर तबुओं का शहर बस गया है। हल्की फुहार के बीच भी लोग टैक्ट्रर-ट्राली से अपने परिवार व घरेलू सामान के साथ चौबारी मेला पहुंचते रहे।
बुधवार को सुबह कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। इससे पहले की लोग चौबारी पहुंचना शुरू हो गए है। मेले पूरी तरह से सजकर तैयार है। रामगंगा घाट पर लगने वाला चौबारी मेले में लोगों की आमद शुरू हो गई है। मेले परिसर के बाहर ही स्वागत के लिए बड़ा गेट बनाया गया है। इसी के साथ खाने-पीने की दुकानों से लेकर, सिल बट्टा, कपड़े, खिलौने, सजावटी सामान, पर्स आदि की दुकानें सजकर तैयार है। मंंगलवार को दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की।
पंजाब का घोड़ा बिका सबसे महंगा : चौबारी मेले में नखासा में एक से बढ़कर एक घोड़ा आया हुआ है। मेले में 20 हजार से लेकर 4 लाख रुपये तक के घोड़े आए हुए है। नखासा के संचालक योगेश सिंह ने बताया कि इस बार पुष्कर से आए घोडे खरीदारों को खूब भा रहे है। मंगलवार को नखासे में 15 घोड़े बिके जिसमें सबसे महंगा 80 हजार रुपये का रहा। यह घोड़ा पंजाब से आया था। वहीं मेले में आंवला से आए हरफूल सिंह ने बताया कि वह अपने घोड़े चेतक को रेस लडा़ने के लिए आए है। वहीं अब तक आठ जगह रेस जीत चुका है, उनके पास पंजाब नस्ल का घोड़ा है। बुधवार को वह अपने घोड़े को रेस में उतारेंगे।
प्रतिनिधियों और अधिकारियों को किया सम्मानित : बरेली। राष्ट्रीय सनातन सेना की ओर से रामगंगा कार्तिक चौबारी मेले में जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का सम्मान किया गया। राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेंद्र नाथ वर्मा ने सांसद छत्रपाल गंगवार, बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा, डीएम अविनाश सिंह, नगर पुलिस अधिक्षक मानुष पारिक आदि का श्रीराम पटका व बैज लगाकर सम्मान किया। इस दौरान राम जयवीर, प्रदीप कुमार पांडे, मोहित चौहान, हरि राज सिंह श्यामपाल आदि मौजूद रहे। संवाद