नवाबगंज। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक सवार दंपती को कुचलने की कोशिश के मामले में पुलिस ने बुधवार को चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बुधवार की शाम को जब पीड़िता थाने पहुंची तो खनन से जुड़े लोगों ने समझौता करने का दबाव बनाया। बात न मानने पर देख लेने की धमकी देकर चले गए।
थाना क्षेत्र के डंडिया बीरमनगला गांव के सुखलाल का आरोप है कि वह सोमवार की भोर अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ बाइक से नवाबगंज की ओर आ रहे थे। वह जैसे ही कस्बे के बिजौरिया रोड पर स्थित जीजस एंड मेरी इंटर काॅलेज के पास पहुंचे। उसी बीच सामने से मिट्टी से भरे आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक काफी दूर फिसलती चली गई। इसमें दोनों दंपती गंभीर घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल सुखलाल को सीएचसी भेजा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया। दंपती के पुत्र दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार को थाने पहुंची पीड़िता ने अवैध खनन से जुड़े लोगों पर थाने में धमकाने का आरोप लगाया। इस मामले में तीन दिन पूर्व विधायक डॉ. एमपी आर्य अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। -अरुण कुमार श्रीवास्तव कोतवाल नवाबगंज