बरेली। हाथों में तिरंगा, जुबां पर जयहिंद के नारे, हृदय में हिलोरें मारता देशभक्ति का जज्बा... ऐसा ही नजारा बुधवार को अमर उजाला के अभिनव अभियान मां तुझे प्रणाम के तहत निकाली गई वॉक फार यूनिटी रैली में दिखा। भारत मां के जयकारे लगाते शहरवासियों ने रैली में शामिल होकर एकजुटता का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई वॉक फार यूनिटी रैली का आगाज देश भक्ति के संदेश से हुआ। सुबह आठ बजे रैली की शुरुआत होनी थी, लेकिन छह बजे से ही लोग डीडीपुरम स्थित शहीद चौक पर जुटने लगे थे। तेज धूप में भी रैली में तीन हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं व शहरवासी शामिल हुए। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार, बीएसए डॉ. विनीता, बीईओ तौसीफ अहमद ने रैली को हरी झंडी दिखाई।
रैली शहीद चौक से शील चौराहा, बांके बिहारी मंदिर, सलोनी तिराहा स्थित वंदना स्वीट्स से गुजरते हुए वापस शहीद चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। चढ़ते सूरज के साथ बच्चों का उत्साह भी बढ़ता रहा। जनप्रतिनिधि और अफसर रैली के साथ चलकर हौसला भी बढ़ाते रहे।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
रैली का व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया। उप्र व्यापारी सुरक्षा फोरम के संरक्षक रामकृष्ण शुक्ला ने शील चौराहा, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल, राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा और शोभित अग्रवाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुदेश अग्रवाल, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महानगर महामंत्री अनुज गुप्ता ने भी रैली का स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर छाया वॉक फार यूनिटी
रैली में शामिल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने वॉक फार यूनिटी रैली को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा कर तारीफें बटोरीं। इन्फ्लुएंसर्स ने ड्रोन से यात्रा के खूबसूरत रंगों और प्रतिभागियों के उत्साह को कवर कर सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म पर साझा किया। इसमें शोएब अली, अभिषेक कश्यप, सुबोध आर्य, विजय मौर्य, तनुश्री, नितिन कुमार समेत शहर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल रहे।
पुलिस, पीएसी के जवान, कर्मचारी संगठन हुए शामिल
रैली में पुलिस और पीएसी के जवानों ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। जिला पंचायती राज अधिकारी कमल किशोर के निर्देश पर उप्र पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रामलाल कश्यप, मीडिया प्रभारी सुनील सिंह की अगुवाई में सदस्य शामिल हुए। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजीव सिंघल, कारोबारी शैलेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदेश यादव गुड्डू व अन्य लोग मौजूद रहे।
इन स्कूलों के विद्यार्थियों ने की सहभागिता
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, श्री सूरजभान इंटर कॉलेज, केडीईएम इंटर कॉलेज, कांति कपूर गर्ल्स इंटर कॉलेज, सूरजमुखी इंटर कॉलेज, श्री गुरु गोबिंद सिंह इंटर कॉलेज, श्री गुरुनानक रिक्खी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज, लॉयंस रोहिला इंटर कॉलेज समेत निजी कॉलेज के विद्यार्थियों की प्रतिभागिता रही।