बरेली। सूखे और बाढ़ दोनों ही आशंकाओं पर सतर्क हुए जिला प्रशासन ने सारे विभागों के अफसरों को समय रहते समुचित व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं। डीएम संजय कुमार ने कृषि विभाग को उपयुक्त बीजों की व्यवस्था करने को कहा है और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। नहरों और तालाबों को भरवाने के अलावा सूखे की दशा में मनरेगा से ज्यादा से ज्यादा लोगों को काम की व्यवस्था करने को कहा गया है। हैंडपंपों को रीबोर करने के निर्देश जल निगम को दिए गए हैं तो खराब वर्षा मापक यंत्र तत्काल ठीक कराने को कहा है। एडीएम प्रशासन से नदियों से कटान वाले गांवों को चिन्हित कराने को कहा है।