बरेली। ट्रेनों में बढ़तीं आपराधिक वारदातों पर अंकुश के लिए उत्तर रेलवे की कुछ ट्रेनों की सुरक्षा का जिम्मा पूर्वोत्तर रेलवे पुलिस को सौंपने की तैयारी है। पहले चरण में मंगलवार से काशी विश्वनाथ व सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन की सुरक्षा जीआरपी सिटी स्टेशन थाना पुलिस के हवाले की जा रही है।
चार वीआईपी ट्रेनों में लूटपाट की घटना के बाद से पुलिस अधीक्षक (रेलवे) ने इन दिनों डिविजन में ट्रेनों की सुरक्षा की कमान खुद संभाल रखी है। हर रोज थाना प्रभारियों को लाइन पर लेकर सुबह ही सुरक्षा व्यवस्था का फालोअप पूछा जा रहा है। हाल ही में दिल्ली लखनऊ व लखनऊ पंजाब दिशा के साथ-साथ बरेली काठगोदाम रूट की करीब दो दर्जन महत्वपूर्ण ट्रेनों को सूचीबद्ध कर उनकी सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। इसके बाद ही शाहजहांपुर से मुरादाबाद के बीच कुछ गाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसमें स्थानीय एवं आसपास के थानों की पुलिस की मदद लेने की योजना है।
पूर्वोत्तर रेलवे के अधीन सिटी स्टेशन जीआरपी थाना पुलिस के दल को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर ट्रेन में पहले से चल रहे स्क्वायड के साथ ही तैनात करने का निर्णय लिया है। एसपी रेलवे का कहना है कि जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग के ही आधीन है। वैसे भी इस रूट की भौगोलिक जानकारी का लाभ स्थानीय पुलिस से मिल सकेगा। इसके बाद इसी तरह और भी प्रयोग किए जा सकते हैं।