बरेली/मुरादाबाद। लखनऊ मेल डकैती कांड के खुलासे को जीआरपी ने रात-दिन एक कर दिया है। शनिवार को चार टीमों ने मुरादाबाद में दिन भर कई स्थानों पर दबिशें देकर दो दर्जन से ज्यादा संदिग्ध लोगों को उठा लिया। इन लोगों से पूछताछ में मिली कुछ सूचनाओं के आधार पर पर जीआरपी की अतिरिक्त टीमें गाजियाबाद, हरिद्वार और सहारनपुर भी रवाना की गई हैं।
जीआरपी की चार टीमों ने शनिवार को कांशीराम नगर, लाइन पार, आदर्श कालोनी, करुला समेत शहर के कई इलाकों में दबिशें देकर लूटपाट की घटनाओं में लिप्त रहे आपराधिक छवि वाले 25 संदिग्धों को उठा लिया। इंस्पेक्टर बरेली जीआरपी अयूब हसन, रामपुर और मुरादाबाद जीआरपी के थाना प्रभारियों के नेतृत्व वाली टीमें ने इनसे पूछताछ की। बाद में इनसे मिले सुराग के आधार पर कई टीमें एनसीआर और अन्य बड़े शहरों को रवाना हो गई हैं। सर्विलांस सेल भी संदिग्धों से हुई पूछताछ को उनकी सीडीआर के जरिए पुष्टि करा रही है। कुछ संदिग्ध नंबरों को इंटरसेप्ट किया जा रहा है।
-------------------
अब तक बदमाशों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। खुलासे के लिए गठित टीमें हर मुमकिन कोशिश कर रही हैं। पुराने अपराधियों के साथ ही हाल ही में जेल से छूटे क्रिमिनल से भी पूछताछ हो रही है। जल्द रिजल्ट मिलेंगे। - आनंद कुलकर्णी, एसपी रेलवे