बरेली। देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी, मुरादाबाद मंडल के डीआरएम सुधीर अग्रवाल और रिलायंस के ठेकेदार प्रभात सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने के लिए अदालत में अर्जी दी गई है। इस अर्जी में रेलवे की अनुमति के बगैर रेलवे लाइनों के नीचे गड्ढे खुदवाकर रिलायंस की केबिल डालने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट ने इस अर्जी पर थाना जीआरपी से पांच मार्च तक रिपोर्ट देने को कहा है।
सुभाषनगर में रहने वाले गोपाल चंद्र गुप्ता ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हीरालाल की अदालत में सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत यह अर्जी दी है। गोपाल चंद्र ने अर्जी में कहा है कि रिलायंस ने रेलवे की अनुमति लिए बिना बरेली जंक्शन की रेल लाइनों के नीचे केबिल डाली गई हैं। इससे रेल लाइनों के नीचे अच्छी-खासी जगह रिक्त हो गई है। कोई भी असामाजिक तत्व इस खाली जगह में विस्फोटक रखकर रेल लाइनों को उड़ा सकता है। अदालत ने थाना जीआरपी से पूछा है कि इस मामले में पहले से तो कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है।