बरेली। कोतवाली पुलिस ने अय्यूब खां चौराहे के पास बटलर प्लाजा रोड पर एक युवक से लूटपाट करते हुए शातिर लुटेरे चिरकुंडा को दौड़ाकर उसके एक साथी समेत दबोच लिया। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शनिवार रात कालीबाड़ी में रहने वाले राजेंद्र कुमार उर्फ चिरकुंडा और उसका साथी मोहल्ला बाग बृगटान के अनिल पुत्र राजाराम ने अय्यूब खां चौराहे के पास एक युवक को रोक लिया। दोनों उससे पर्स लूटकर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच युवक ने शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने पड़ोस में चौकी चौराहा पुलिस चौकी के प्रभारी बिरजाराम और सिपाहियों की मदद से दोनों को दबोच लिया। हालांकि पीड़ित युवक इस बीच मौके से खिसक लिया। प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद बाबर ने बताया कि चिरकुंडा बेहद शातिर अपराधी है। वह एनएसए में भी जेल जा चुका है। चिरकुंडा के पास से तमंचा और अनिल से चाकू बरामद हुआ है।