बरेली। जाट रेजिमेंट सेंटर के स्टेडियम में मंगलवार को स्पेशल ओलंपिक भारत का आगाज हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए स्पेशल बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आर्मी बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। इसके बाद आर्य पुत्री इंटर कॉलेज की छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुति ‘देश मेरा रंगीला’ ने समां बांध दिया।
स्पेशल ओलंपिक का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि यूबी एरिया के जीओसी लेफ्टीनेंट जनरल आरएन नायर ने किया। उन्होंने कहा कि ये मानसिक मंदित बच्चे सामान्य बच्चों से भी ज्यादा कुछ करने का जज्बा रखते हैं। अगर इन्हें प्रोत्साहन दिया जाए तो ये कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को खेलों के माध्यम से ऐसे प्यारे बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए प्रयास करने चाहिए।
स्पेशल आलंपिक उत्तर एवं मध्य भारत के अध्यक्ष एअर मार्शल अशोक गोयल ने स्पेशल ओलंपिक के बारे में बताते हुए कहा कि स्पेशल ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से मानसिक मंदित बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास कर उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है। इस मौके पर सर्व शिक्षा अभियान की नेशनल ट्रेेनर सीमा शर्मा, सत्य नारायण, मनोज कुमार, अरुण कुमार, निशांत कुमार, प्रेम कुमार, कैंट सभासद भरत सिंह सोलंकी आदि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के उद्बोधन के बाद कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों ने रोलर स्केटिंग का प्रदर्शन किया।
शपथ: मुझे विजयी होने दो....
स्पेशल ओलंपिक भारत के उद्घाटन समारोह में सभी खिलाड़ियों ने यह शपथ ली- मुझे विजयी होने दो यदि मुझे विजय न मिले तो मुझे वीरता से प्रयत्न करने दो।
देश भर से जुटे तीन सौ खिलाड़ी
बरेली। पांच दिवसीय नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में देश भर के तीन सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विभिन्न प्रांतों के 75 कोच भी यहां पहुंचे हैं। चैंपियनशिप में भाग लेने वाले प्रांतों में उत्तर प्रदेश के अलावा असम, हिमाचल, गुजरात, गोवा, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, बिहार, उड़ीसा, चंडीगढ़ की टीमें शामिल हैं। मीडिया कोआर्डिनेटर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इस चैंपियनशिप में चुने गए खिलाड़ी सन् 2015 में विश्व ग्रीष्मकालीन खेल में भाग लेंगे जो लॉस एंजिलिस (अमेरिका) में आयोजित किए जाएंगे। यहां से चुने गए बच्चे वहां भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।