बरेली (ब्यूरो)। डेयरी संचालक राजवीर और उनकी पत्नी मुनीशा की हालत में सुधार है, लेकिन पूरी तरह होश में नहीं आए हैं। इससे पुलिस तीसरे दिन भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।
पुराना शहर के चक महमूद मोहल्ले के डेयरी मालिक राजवीर सिंह राठौर और उनकी पत्नी मुनीशा को बीते रविवार की रात नरियावल के पास गोली मार दी गई थी। राजवीर के भाई वीरेंद्र ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा लिखाया था। घायल दंपति एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार को बिथरी पुलिस राजवीर और मुनीशा से बातचीत करने गई। मगर उनके पूरी तरह होश में न होने से बात नहीं हो सकी। बिथरी पुलिस ने राजवीर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल ली है। 8.44 बजे राजवीर ने अपने भाई वीरेंद्र से बात की थी। मोबाइल में दो नंबर और मिले हैं, जिनके बारे में राजवीर से बातचीत के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।