बरेली। कुतुबखाना उपकेंद्र से पोषित कमल टॉकीज फीडर मंगलवार दोपहर में ठप हो गया। इससे रात 11 बजे तक तमाम इलाके प्रभावित रहे। मामला डीएम कार्यालय तक पहुंचा तो एसडीओ ने सप्लाई चालू होने की जानकारी दे दी। इस पर चीफ इंजीनियर ने रात में एसडीओ की फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
कुतुबखाना से पोषित आजमनगर में तार बदलने का काम चल रहा था। इसलिए कुछ इलाकों में शट डाउन था। इसी बहाने कमल टॉकीज पोषक लाइन भी बंद कर दी। इससे बाग ब्रिगटान, कुमार सिनेमा के पीछे आवासीय हिस्से, जीजीआईसी व आसपास के इलाके में बिजली गुल हो गई। शाम को आजमनगर में एबीसी लाइन में आग लग गयी। इससे कई इलाकों में सप्लाई ठप हो गयी। प्रभावित लोगों ने डीएम आवास पर फोन कर सप्लाई ठप होने संबंधी जानकारी दी। लोगों ने बताया कि एसडीओ फोन ही नहीं उठा रहे हैं। इस पर डीएम आवास से एसडीओ से पूछताछ की गई। इस पर एसडीओ पीके सिंह ने झूठ बोल दिया कि सप्लाई चालू है। इसके बाद मामला अधिशासी अभियंता और मुख्य अभियंता तक पहुंच गया। दोनों बिजली अफसर देर रात तक सप्लाई सामान्य कराने में जुटे रहे। जेई पवन चंद्रा ने किसी तरह सप्लाई चालू करायी।