बरेली। शहर में सोमवार से अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू कर दिया गया। पहले दिन यह अभियान चौकी चौराहे से अयूब खां चौराहे के बीच चला। इस दौरान करीब तीन घंटे तक नगर निगम की जेसीबी चली और चौकी चौराहे से ग्लोरी स्वीट हाउस तक 21 दुकानों के सामने हुए अवैध निर्माण तोड़ दिए गए। अतिक्रमणकारी व्यापारियों ने कई बार विरोध करने की कोशिश की लेकिन जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अफसरों की सख्ती के आगे उनकी नहीं चली।
अतिक्रमण विरोधी अभियान के लिए मेयर डॉ. आईएस तोमर, सिटी मजिस्ट्रेट आरपी सिंह, एसपी ट्रैफिक राकेश जौली, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार, कोतवाल शक्ति सिंह और नगर निगम के अधिशासी अभियंता गयूर अहमद सुबह 10.45 बजे चौकी चौराहे पर इकट्ठे हुए। पीएसी और पुलिस फोर्स के साथ नगर निगम के कर्मचारियों की टीम ने दो जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली साथ लेकर करीब 11 बजे अभियान शुरू किया। इससे पहले मेयर डॉ. तोमर ने नगर निगम कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान में किसी के साथ कोई रियायत न की जाए।
दुग्गल क्राकरी के सामने जेसीबी ने अवैध निर्माण तोड़ना शुरू किया तो आसपास के व्यापारी इकट्ठे हो गए। अशोका फोम के मालिक विभोर गोयल ने नगर निगम का नक्शा दिखाकर विरोध किया। मगर एसपी ट्रैफिक और सिटी मजिस्ट्रेट ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण को किसी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। अफसरों का सख्त रुख देखकर व्यापारी विरोध छोड़कर सीवर लाइन बचाने की गुहार करने लगे। यह भी कहा कि जहां-जहां फर्श तोड़ा जा रहा है, वहां तुरंत रोड बनवा दिया जाए। अफसरों ने उनकी मांग मान ली। एसपी ट्रैफिक ने इस संबंध में फोन पर मेयर डॉ. तोमर से भी बात की। इसके बाद सीवर लाइन के ऊपर बनाए गए फर्श को छोड़कर अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान एडीएम सिटी देवेंद्र दीक्षित और एसपी सिटी त्रिवेणी सिंह भी जायजा लेने पहुंचे।
एसपी ट्रैफिक, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, कोतवाल शक्ति सिंह, नगर निगम के एक्सईएन गयूर अहमद कड़ी धूप में खड़े रहकर अवैध निर्माण तुड़वाते रहे। अभियान के दौरान मेडिकल स्टोर बास एंड संस और अशोका फोम से लेकर ग्लोरी स्वीट हाउस तक 21 दुकानों के आगे सड़क पर अतिक्रमण करके बनाए गए फर्श तोड़ दिए गए और उनका मलबा ट्रालियों में भर लिया गया। जिन लोगों ने सड़क पर अपना सामान सजा रखा था, उन्होंने जब्त होने के डर से खुद ही उसे समेटकर अंदर रख लिया। अभियान के दौरान पूरे समय कुछ व्यापारी रोक-टोक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी नहीं चली। दोपहर करीब दो बजे अभियान बंद किया गया। मंगलवार को यहीं से आगे अभियान चलेगा।
अफसरों को पहनाईं फूल-मालाएं
बरेली। सोमवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने पहुंचे अफसरों का न सिर्फ व्यापारी नेताओं ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया बल्कि वादा भी किया कि शहर को सुंदर बनाने में प्रशासन का वे पूरा साथ देंगे।
‘सुंदर बनाएं अपना शहर’ पर अमर उजाला के मंथन में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का फैसला हुआ था, जिसके बाद मेयर डॉ. आईएस तोमर और डीएम अभिषेक प्रकाश ने बेहद सकारात्मक पहल करते हुए अतिक्रमण विरोधी अभियान की पूरी रूपरेखा तैयार कराई। डीएम ने यह अभियान चलाने की जिम्मेदारी एसपी ट्रैफिक, सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम को सौंपी। सोमवार को अभियान शुरू हुआ तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल रामकृष्ण शुक्ला अपनी टीम के साथ अफसरों का स्वागत करने पहुंचे।
व्यापारी नेताओं ने अफसरों को फूल-मालाएं पहनाकर अभियान में पूरा सहयोग करने का वादा किया, साथ ही मांग की कि अभियान को पूरी तरह निष्पक्ष ढंग से चलाया जाए। व्यापारी नेताओं में दीपक द्विवेदी, इंद्रजीत सिंह, अतुल गंगवार, अनिल राजपूत, समित अग्रवाल, सुरेश पागरानी, पंकज कपूर, राजेश, शमशाद अहमद, दानिश जमाल, समीर अरोरा, नरेंद्र अग्रवाल, लियाकत हुसैन, हितेश देसाई, कमल प्रजापति, अशोक कुमार, संजीव मौर्य, सूरजपाल कश्यप आदि शामिल थे।
अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने पर हमेशा विरोध झेलना पड़ता था। व्यापारी नारेबाजी और हंगामा करते थे। मगर बरेली के व्यापारी नेताओं ने अभियान का स्वागत कर एक नजीर पेश की है। ऐसा पहली बार हुआ। बरेलीवासियों की इस दरियादिली को नजीर के तौर पर दूसरे शहरियों के सामने भी पेश करूंगा। दुबारा अतिक्रमण न होने पाए इसके लिए थानेदारों को निर्देशित कर दिया गया है। जो दुकानदार नहीं मानेगा उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। थानेदार लापरवाही करते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
राकेश जौली
एसपी ट्रैफिक
न रसूख काम आया, न विरोध की रणनीति
शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान तो पहले भी कई बार चल चुका है, लेकिन ऐसा पहली बार देखने में आया कि अवैध निर्माण तोड़ते वक् पक्षपात का कोई भी आरोप नहीं लगा पाया। हालांकि कुछ रसूख वाले व्यापारियों ने अभियान के दौरान अफसरों पर दबाव डलवाने की भरसक कोशिश की। विरोध करने के लिए भीड़ भी जुटाई, लेकिन कुछ भी काम न आया। नगर निगम की जेसीबी चालू हुई तो पहले दिन का अभियान खत्म होने के बाद ही रुकी। एक तरफ से सारे अवैध निर्माण तोड़ डाले गए। इससे लोगों को उम्मीद जगी कि इस बार शहर में वाकई कुछ सुधार होगा।
इस बार दूर हो गई गलतफहमी
चौकी चौराहे से अयूब खां चौराहे के बीच इससे पहले जब भी अभियान चला, अशोका फोम के अवैध कब्जे हर बार छूट गए। अशोका फोम वालों और आसपास के दूसरे दुकानदारों को शायद इस बार भी यही उम्मीद थी। इसी गुमान में ग्लोरी स्वीट हाउस के मालिक ने सड़क पर रखा अपना जनरेटर नहीं हटाया। मगर जब अशोका फोम के आगे जेसीबी चलनी शुरू हुई तो ग्लोरी स्वीट हाउस वालों को भी पसीना आ गया। उन्होंने आनन-फानन में कर्मचारियों की मदद से जनरेटर हटवाकर शोरूम गेट पर रखवा लिया। जेसीबी नजदीक पहुंची तो रोड पर लगी टाइल्स भी हटवाने लगे। मगर एसपी ट्रैफिक ने जेसीबी से पूरा फर्श तुड़वा दिया।
हटाए जाएंगे टेलीफोन के खंभे
अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान टेलीफोन के खंभे भी बीच में आए। एसपी ट्रैफिक राकेश जौली ने फोन पर जीएम दूरसंचार मनीराम से बात की तो उन्होंने फौरन एसडीओ शैलेंद्र मोहन सक्सेना को मौके पर भेजा। एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि जीएम का निर्देश मिलते ही रोड पर बेकार खड़े खंभे हटा दिए जाएंगे।
नहीं हटे नेताओं के साइन बोर्ड
चौकी चौराहे के पास बटलर प्लाजा के सामने सड़क पर नेताओं के बड़े-बड़े साइन बोड लगे हैं। सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम इन्हें हटाए बगैर आगे बढ़ गई। एसपी ट्रैफिक ने इस पर नाराजगी भी जताई। बाद में अभियान पूरे कायदे से चला। हालांकि चौकी चौराहे के पास लगे नेताओं के साइन बोर्ड हटने से रह गए।
------------------------------
अतिक्रमण विरोधी अभियान ठीक है। अपना शहर सुंदर बने यह कौन नहीं चाहेगा? मगर पूरा शहर साफ किया जाए। कहीं पक्षपात न किया जाए। हम सब व्यापारी प्रशासन के साथ हैं। टूटफूट होने से ग्राहकों को थोड़ी परेशानी होगी। रोड बन जाए तो सब ठीक हो जाएगा। - रोहित खंडेलवाल, ग्लोरी स्वीट हाउस
नगर निगम का तोड़फोड़ करना कोई बुरी बात नहीं, लेकिन सड़क हाथ के हाथ बनानी चाहिए। सड़कें साफ होंगी तो सबको अच्छा लगेगा। अतिक्रमण तो सबके लिए दुखदायी है। मगर अधिकारी अतिक्रमण तोड़कर चले जाते हैं। उसके बाद कोई लौटकर नहीं देखता। मजबूरन दुकानदार को फर्श बनवाना पड़ता है।- योगेश गोयल, अशोका फोम
------------------------------
आज ग्लोरी स्वीट के आगे चलेगा अभियान
बरेली। पहले दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चौकी चौराहे से नावल्टी तक चलाया जाना था। लेकिन अवैध निर्माण ज्यादा थे, जिससे सोमवार को आधे रास्ते तक ही चल सका। मंगलवार की सुबह दस बजे से ग्लोरी स्वीट हाउस के आगे का अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
---------
दोबारा अतिक्रमण पर होगी एफआईआर : डीएम
डीएम ने कहा है कि जिन इलाकों में अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहां यदि दोबारा अतिक्रमण हुआ तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सीधे एफआईआर ही होगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले और उसके बाद फोटोग्राफी कराई गई है। उसकी एक कॉपी एसपी ट्रैफिक के दफ्तर, दूसरी नगर निगम कार्यालय और तीसरी संबंधित थाने में रखवाई जाएगी।
आज मैं खुद देखूंगा अभियान : मेयर
मेयर डॉ. आईएस तोमर ने कहा है कि सोमवार को अतिक्रमण विरोधी को हटाने के लिए चलाए गए अभियान की गति कुछ धीमी रही। इसलिए मंगलवार को अभियान में वह खुद मौजूद रहेंगे ताकि इसमें तेजी लाई जा सके। उनके साथ डीएम भी अभियान का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह पाया गया कि बिजली के कुछ खंभे रास्ते में आ रहे हैं। इन्हें सूचीबद्ध करके हटाने के लिए पॉवर कॉरपोरेशन को लिखा जाएगा।