बरेली। विवाद के कारण जिला लेखपाल संघ के मंत्री पद का चुनाव नहीं हो सका। चुनाव के पक्ष और विपक्ष में लेखपाल आमने-सामने आ गए। तनातनी देख निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी। इस पद के लिए अब 12 मई को चुनाव होगा।
मौजूदा मंत्री अशोक सक्सेना के मंडलीय मंत्री के रूप में नामित होने के बाद इस पद के लिए चुनाव कराया जा रहा था। रविवार दोपहर तहसील सदर प्रांगण में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। आठ लोगों ने नामांकन किया था। लेखपालों ने कुछ दिन पहले वीरपाल यादव के नाम पर सहमति बना ली थी, लेकिन रविवार को अधिक नामांकन होने पर विवाद हो गया। किसी तरह छह लोगों ने नाम वापस ले लिया लेकिन तुलाराम मैदान में जमे रहे। चुनाव की मांग उठी तो कुछ लेखपाल विरोध में उतर आए। उनका कहना था कि जब पहले ही निर्विरोध नाम तय हो चुका है तो चुनाव का औचित्य नहीं है।
विवाद बढ़ने से चुनाव अधिकारी भीमसेन चौहान ने चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह और मौजूदा मंत्री अशोक सक्सेना ने लेखपालों से शांति बनाए रखने पर जोर दिया।