बरेली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और विद्यार्थी परिषद की जनसंघर्ष समिति की बैठक में रविवार को भी बहेड़ी में निर्दोष छात्रों की बिना शर्त रिहाई की मांग दोहराई गई। कहा गया कि स्वामी विवेकानंद का अपमान करने वाले सपाई और पुलिस वालों के खिलाफ जब तक कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। 24 जनवरी को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन को सफल बनाने की भी रणनीति बनाई गई। सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और भीड़ जुटाने का लक्ष्य भी दिया गया।
रामपुर गार्डन स्थित रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर में हुई बैठक में शहर विधानसभा क्षेत्र के संघ और आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। संघ के सह प्रांत प्रचारक रामस्नेही ने कहा कि विरोधी दलों के सांसद पहले अपने गिरेबान में झांके और गैरजिम्मेदाराना आचरण से समाज को भड़काने से बाज आएं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद का अपमान करने वालों से उनकी सहानुभूति से पता लगता है कि ये अपने वोट बैंक के लिए क्या-क्या कर सकते हैं। जनसंघर्ष समिति के संयोजक दीपक ऋषि ने कहा कि हम प्रशासन के तानाशाह रवैये के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से संघर्ष करेंगे। कहा, सपा के प्रदेश में सरकार संभालते ही दंगे शुरू हो गए हैं। इस मौके पर गोविंद बिहारी, देवराज सिंह, अरविंद, धर्मेश, संजीव अग्रवाल, डॉ. हरिशंकर गंगवार, परशुराम, डॉ. अनुराग, राकेश, मयंक अग्रवाल, पूरनलाल लोधी, गुलशन आनंद, जवाहर लाल, राम बहादुर यादव, राकेश शर्मा, सुनील कुमार, यशवंत सिंह, राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
---------
फोटो....
संघ के साथ उतरेगी विद्यार्थी परिषद
प्रदेश संगठन मंत्री जिला जेल में बंद साथियों से मिलने पहुंचे
बरेली। डीएम और एसएसपी सत्ता की हनक दिखा रहे हैं और सपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब आर-पार की लड़ाई होगी। यह विचार आगरा से आए एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील वार्ष्णेय ने छात्रसंघ भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि निर्दोष छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर जनसंघर्ष समिति के आंदोलन में 22 जनवरी को बहेड़ी और 24 जनवरी को बरेली में विद्यार्थी परिषद के हजारों कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। मुरादाबाद से आए विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महेश राठौर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का अपमान करने वाले सपाइयों और पुलिस प्रशासन को 24 जनवरी को दिखाएंगे कि छात्रों में कितना रोष है। प्रदेश मंत्री दीपक ऋषि ने कहा कि कार्यक्रम की सारी रणनीति तैयार हो गई है, उस दिन हजारों की संख्या में विद्यार्थी प्रदर्शन करेंगे। बरेली कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष जवाहर लाल ने कहा कि जब तक छात्रों की रिहाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन चलेगा। इससे पहले प्रदेश संगठन मंत्री सुनील वार्ष्णेय के साथ कई कार्यकर्ता बहेड़ी मामले में जेल में बंद साथियों से जिला जेल जाकर मिले। इनमें अमरोहा से आए अभिषेक कौशिक, मुरादाबाद से अशीष, शाहजहांपुर से रामकमल, अवंतीबाई छात्रसंघ महामंत्री प्रेमलता, छात्रनेता ओमकार पटेल, हरवेंद्र यादव, अमित सिंह, दुष्यंत गौड़, सुमित गुर्जर, सुनील सिंह, आकाश, रवि गोला, अभय चौहान आदि शामिल थे।