बरेली। सुन्नी जमीयतुल अवाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौसीफ रजा खां ने प्रदेश की सपा सरकार पर मुसलमानों से किए वायदे पूरे न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने चुनाव के वक्त मुरादाबाद के मैनाठेर कांड में फंसे बेगुनाहों के खिलाफ लिखे गए मुकदमे वापस लेने को कहा था, लेकिन उस पर अमल नहीं किया। मगर वरुण गांधी के मुकदमे वापस लेने की बात की जा रही है।
सौदागरान में अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बरेली में 44 दिन कर्फ्यू शासन और प्रशासन की नाकामयाबी की निशानी है। जहां-जहां भी दंगे हुए पुलिस ने मुस्लिमों पर ही जुल्म किए हैं। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। ऐसे में मुसलमानों के रहनुमा बनकर जो नेता उन पर जुल्म कराने वाली सरकार से लालबत्ती लेने की जुगत में लगे हैं, उनका ऐसा करना हराम होगा। केजरीवाल की तारीफ करते हुए श्री खां ने कहा कि कांग्रेस भी आम आदमी के लिए काम करने के बजाए सरमाएदारों के हितों का काम कर रही है।