बरेली। छुट्टियों के बाद कचहरी खुलते ही बार चुनाव की चर्चा शुरू हो गई है। 17 दिसंबर को होने वाले चुनाव में प्रमुख पदों के संभावित उम्मीदवारों ने भी जोड़ तोड़ शुरू कर दिया है।
बार के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष और सचिव समेत कुल 21 पदाधिकारियों का चुनाव होना है। सचिव पद के लिए संभावित प्रत्याशियों की सूची में अब तक पांच नाम सामने आए हैं। इनमें तीन बार सचिव रह चुके कुंवर तुषार चंद्रा भी शामिल हैं। इसके अलावा दीवानी के अधिवक्ता आशीष अग्रवाल भी मैदान में हैं। माना जा रहा है कि वह मौजूदा सचिव अमर भारती की पसंद हैं। वर्ष 2011 में सचिव का चुनाव लड़ चुके अवनींद्र सिंह और ओमकार सिंह रघुवंशी भी जनसंपर्क करते देखे जा रहे हैं।
अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वालों में कई बार चुनाव मैदान में हार का सामना कर चुके अनिल मिश्रा और विनोद श्रीवास्तव प्रमुख हैं। पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता राजेश यादव के मैदान में आने की भी सुगबुगाहट है। संभावना जतायी जा रही है कि बार के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम शर्मा भी चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों की माने तो घनश्याम शर्मा और राजेश यादव में से कोई एक ही चुनाव मैदान में आएगा। वर्ष 2011 में भाग्य आजमा चुके मोतीराम मौर्य दोबारा दांव खेल सकते हैं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए विजयपाल और राकेश श्रीवास्तव ने खुलकर मैदान में आने की घोषणा कर दी है। ये सभी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं।