बरेली। कबाड़ कारोबारी नन्हे चोरों का गैंग चला रहा है। इसका खुलासा बुधवार को दो बच्चों के पकड़े जाने पर हुआ। पुलिस ने कबाड़ी के घर दबिश देकर चोरी का माल भी बरामद किया है। हालांकि कबाड़ी पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
मालूम हो कि सोमवार को अग्रसेन नगर कॉलोनी के नागेश्वर धाम मंदिर में दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। चोर तांबे के शेषनाग, वर्तन आदि चोरी कर ले गए थे। चोर दानपात्र भारी होने की वजह से मंदिर के पीछे घास में फेंक गए थे। उसी दिन से कॉलोनी वाले चोरों की तलाश में थे। बुधवार की दोपहर करीब 11 बजे दो बच्चे मंदिर के पास पहुंचे। वहां मौजूद पार्षद के पति रजनीश यादव उर्फ राजू ने संदिग्ध जानकर बच्चों को रोक लिया। उन्हें सौ रुपये का लालच देकर मंदिर में चोरी करने वालों का नाम, पता पूछा। इसके बाद राजू ने कॉलोनी वालों की मदद से दो चोर पकड़ लिए। इनमें मॉडल टाउन में रहने वाले की उम्र 13 साल और हरूनगला निवासी की 10 साल है। दोनों को रुहेलखंड चौकी ले जाया गया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनसे चोरी एक कबाड़ी कराता है। करीब तीन बजे पुलिस ने कुसुमनगर स्थित कबाड़ी के घर दबिश दी। जहां अग्रसेन नगर मंदिर से चोरी सामान मिल गया, लेकिन कबाड़ी भाग गया। राजू ने बताया कि इलाके के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कबाड़ी के भाग जाने को उन्होंने पुलिस की लापरवाही बताया। कहा, पूछताछ के नाम पर पुलिस ने तीन घंटे का समय खराब कर दिया। इस बीच पता लगने पर कबाड़ी फरार हो गया।