फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहेड़ी में इमाम को नमाज पढ़ाने से रोकने पर तकरार

Sat, 04 Aug 2012 12:00 PM IST
Bareilly
विज्ञापन
विज्ञापन
बहेड़ी। शहर की एक मस्जिद में जुमे की नमाज के ठीक पहले हंगामा हो गया। मस्जिद के इमाम को कुछ लोगों ने एक फतवे के आधार पर नमाज पढ़ाने से रोक दिया। रमजान में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद नमाजियों से भरी हुई थी और एकाएक हुई इस बात से वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इमाम के समर्थन में भी लोग खड़े हो गए और मुखालफत करने वालों से उनकी तकरार होने लगी। इस बीच मस्जिद पर और लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने किसी तरह मामला संभाला और करीब 3 बजे मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी गई। बाद में एसडीएम के यहां हुई बैठक में 25 अगस्त को फतवे के बारे में पंचायत करने की बात तय हुई।
विज्ञापन

शहर के मोहल्ला इस्लाम नगर की कुतुब जामा मस्जिद में मौलाना खलीक अहमद पिछले 22 साल से इमाम हैं। आज जुमे की नमाज के लिए उन्होंने खुतबा पढ़ा। तभी कुछ लोगों ने उनको नमाज पढ़ाने से रोक दिया। इन लोगों का कहना था कि इमाम के खिलाफ एक फतवा आया है जिसके चलते वह मस्जिद में नमाज नहीं पढ़ा सकते। इस बात पर इमाम के समर्थक आगे आ गए और उन्होंने मौलाना खलीक से ही नमाज पढ़ाने की बात कही। फिर तो दोनों पक्षों में तकरार होने लगी। दोनों पक्षों के बीच टकराव के चलते जुमे की नमाज रुक गई। सूचना पर एसडीएम शमशाद हुसैन तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरा मामला जाना। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बात की तो काफी तादाद में लोगों ने इमाम मौलाना खलीक के पक्ष में हाथ उठाए। दूसरा पक्ष उन्हें नमाज न पढ़ाने देने पर अड़ा था। एसडीएम ने दोनों पक्षों से बात की और जुमे की नमाज मौलाना खलीक से ही पढ़ाने को सबको राजी कर लिया। करीब 3 बजे नमाज अदा की गई। इस बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ इंस्पेक्टर और सीओ भी मौके पर पहुंच गए।
जुमे की नमाज अदा होने के बाद एसडीएम ने कुछ लोगों को अपने दफ्तर में बुलाकर बातचीत की। फतवे को पढ़ा गया। तय किया गया कि फतवे के बारे में दोनों पक्षों के 5-5 लोग और एक मुफ्ती के साथ 25 अगस्त को पंचायत होगी। इस बीच मौलाना खलीक ही नमाज अदा कराएंगे। इस पंचायत में जो पक्ष नहीं आएगा, उसकी गलती मानी जाएगी। इमाम मौलाना खलीक अहमद, जमील अहमद, जाकिर हुसैन, मो. आसिफ सभासद, इंतखाब हुसेन, अफसार अहमद व मो. आरिफ इस बैठक में मौजूद रहे। एसडीएम और सीओ ने चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को बुलाकर इस समझौते की जानकारी दी और उसे अमल कराने को कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें