बरेली। इज्जतनगर थाने के गांव कलारी में ताजियों का जुलूस सारी आशंकाओं को दरकिनार करके शांतिपूर्वक निपट गया। इस बीच भाजपा विधायक डॉ. अरुण कुमार के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और इंस्पेक्टर को बुलाकर सोमवार रात पकड़े गए लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को रात तक तमाम तरह की अफवाहें गांव में तैरती रहीं लेकिन सारी आशंकाओं को झूठा साबित करते हुए मंगलवार को ताजियों का जुलूस शांति के साथ निकला।सोमवार रात चंद्रसेन मौर्य को बाइक से टक्कर मारने के मामले में दस बाहरी युवकों के खिलाफ मंगलवार को तहरीर दी गई। पुलिस ने चंद्रसेन का मेडिकल परीक्षण तो कराया पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सभी आरोपी दूसरे दिन भी थाने में बैठे रहे। दोपहर के वक्त भाजपा विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा और महानगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा गांव के शिव मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां प्रधान भूपसिंह मौर्य और ग्रामीणों से बात करके हालात का जायजा लिया। फिर थाना प्रभारी मोहम्मद कासिम को बुलवा लिया। विधायक ने थाना प्रभारी से सभी दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।