आरपीएफ और जीआरपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
बरेली। प्रयागराज महाकुंभ की दिव्यता और भव्यता देखने के लिए लोगों में उत्साह है। मंगलवार को मकर संक्रांति के दूसरे शाही स्नान के लिए बरेली से 978 श्रद्धालु दो विशेष समेत चार ट्रेनों से प्रयागराज रवाना हुए।
बरेली होते हुए प्रयागराज जाने वाली नियमित ट्रेनों में अगले 50 दिन तक कन्फर्म टिकट नहीं है। ऐसे में श्रद्धालु अब विशेष ट्रेनों में सीट बुक करा रहे हैं। सोमवार सुबह नौ बजे 04528 अंब अंडौरा-फाफा मऊ विशेष कुंभ विशेष जंक्शन पहुंची तो यहां से श्रद्धालु जय श्रीराम और हर हर महादेव के उदघोष के साथ ट्रेन में सवार हुए। इसके बाद दोपहर में 04316 देहरादून-फाफा मऊ महाकुंभ विशेष ट्रेन ने जंक्शन पर ठहराव लिया। 14242 नौचंदी एक्सप्रेस और 14308 बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस से भी काफी संख्या में यात्री प्रयागराज रवाना हुए। यह श्रद्धालु मंगलवार को मकर संक्रांति पर संगम में डुबकी लगाएंगे।
महाकुंभ विशेष ट्रेनों के कोचों पर चित्रों के माध्यम से कुंभ की भव्यता को दर्शाया गया है। ट्रेनों में क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही महाकुंभ से जुड़ीं विस्तृत जानकारियां मोबाइल स्क्रीन पर आ जाती हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से सभी ट्रेनों में जीआरपी और आरपीएफ को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
-
बरेली-प्रयागराज और योग नगरी एक्सप्रेस को फाफा मऊ स्टेशन पर ठहराव
बरेली। प्रयागराज महाकुंभ के मद्देनजर रेलवे 14229-30 प्रयागराज संगम-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस और 14307-08 प्रयागराज संगम- बरेली एक्सप्रेस को फाफा मऊ रेलवे स्टेशन पर अप-डाउन में दो-दो मिनट का अस्थाई ठहराव देगा। प्रयागराज संगम-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को 13 से 16 जनवरी को प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस को 14 से 17 जनवरी तक फाफा मऊ स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। संवाद